महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी का पूरे विधि-विधान के साथ हुआ गृह प्रवेश..

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी का पूरे विधि-विधान के साथ हुआ गृह प्रवेश..

रायपुर(छत्तीसगढ़)। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने आज राजधानी के शंकर नगर के केनाल लिंक रोड स्थित अपने शासकीय आवास कार्यालय में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आवास में निवास व शासकीय कार्य सम्पन्न करने शुभारंभ कर दिया है। मंत्री राजवाड़े को शंकर नगर में बंगला नं. डी-7 और डी-8 आवंटित हुआ है। इस दौरान उनके परिवारजन और विभागीय अधिकारी, कर्मचारी भी मौजूद थे।

बता दें कि सरगुजा संभाग और सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र से लक्ष्मी राजवाड़े पहली बार विधायक निर्वाचित हुई और मंत्री भी बन गईं। सूरजपुर जिले के भैयाथान विकासखंड अंतर्गत ग्राम वीरपुर की लक्ष्मी राजवाड़े पहली बार जनपद सदस्य के पद पर निर्वाचित हुई थीं। पिछले पंचायत चुनाव में उन्होंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी जीता था।चुनाव लड़ते वक्त वो जिला पंचायत सूरजपुर के सदस्य थीं। लक्ष्मी भाजपा महिला मोर्चा सूरजपुर की जिला अध्यक्ष भी है।मात्र 31 वर्ष की आयु में मिले इस उपलब्धि की चर्चा आज भी होती है।

भाजपा संगठन में आरंभ से ही सक्रिय लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने पहले ही चुनाव में कांग्रेस के पारसनाथ राजवाड़े को 43 हजार से अधिक मतों से पराजित किया है। पारसनाथ राजवाड़े दो बार के विधायक थे। लक्ष्मी राजवाड़े को संगठन में सक्रियता का लाभ मिला था। पहले उन्हें पार्टी ने प्रत्याशी बनाया अब विधायक निर्वाचित होने के बाद मंत्री पद की भी बड़ी जबाबदारी दी जा रही है।