वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत केरलापाल मंडल में जन चौपाल आयोजित, मतदाता अधिकारों की सुरक्षा पर हुआ संवाद

वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत केरलापाल मंडल में जन चौपाल आयोजित, मतदाता अधिकारों की सुरक्षा पर हुआ संवाद

सुकमा। लोकतंत्र की मजबूती और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत मंडल कांग्रेस कमेटी केरलापाल द्वारा मंडल स्तरीय जन चौपाल एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभियान के प्रभारी दुर्गेश राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने, मतदाता अधिकारों की सुरक्षा तथा मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मताधिकार के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उन्हें मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति की नियमित जांच करने, किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा विसंगति के प्रति सजग रहने तथा अपने संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए जागरूक रहने की अपील की गई।

जन चौपाल में क्षेत्र के रामाराम, केरलापाल, फूलबगड़ी, गिरदालपारा, चिकपाल, कोयाबेकूर, बड़े सट्टी, सोलुपारा एवं पोगाभेज्जी सहित विभिन्न गांवों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं के बीच सीधे संवाद के माध्यम से अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर अभियान प्रभारी दुर्गेश राय ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के वोट में निहित है। प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वोट केवल सरकार चुनने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की आवाज और उसके संवैधानिक अधिकारों का प्रतीक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक एवं सजग रहना चाहिए।

उन्होंने मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित होना आवश्यक है।

कार्यक्रम में सुनील यादव, सीताराम मौर्य, सोना सोढ़ी, आपु, मेश्राम नायक, सुरेश नायक, समीर खान, जोगा कवासी एवं कोना वेट्टी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव तक मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना तथा आम जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने अभियान को जमीनी स्तर पर व्यापक बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।