विधायक विकास उपाध्याय की निःशुल्क लोकसेवा योजना को जन-जन तक पहुँचाने अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं पूर्व पार्षद विमल गुप्ता

विधायक विकास उपाध्याय की निःशुल्क लोकसेवा योजना को जन-जन तक पहुँचाने अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं पूर्व पार्षद विमल गुप्ता

रायपुर (छत्तीसगढ़)। आज के इलेक्ट्रॉनिक दौर में सरकारी हो या फिर प्राइवेट हर कार्य ऑनलाईन के माध्यम से संपन्न होना स्वाभाविक प्रक्रिया हो गई है। ऐसे समय में आम लोग किसी न किसी सेवा केन्द्र में जाकर निर्धारित शुल्क भुगतान कर जरूरी कार्यों को संपन्न करने लाईन लगाये इंतजार करते रहते हैं और अधिकांश बार तो ऐसा भी होता है कि लोग समय पर अपना कार्य कराने निर्धारित शुल्क से कहीं ज्यादा संबंधित केन्द्र द्वारा मांगे जाने पर खुशी-खुशी वह रकम देने भी तैयार रहते हैं। इन सबके बीच इन जरूरतों को देखते हुए पश्चिम विधानसभा के विधायक विकास उपाध्याय द्वारा निःशुल्क लोक सेवा केन्द्र जगह-जगह खोले जाने की पहल ने आम जनता को जबरदस्त लाभ पहुँचा रही है। जिसे जन-जन तक पहुँचाने पूर्व पार्षद एवं विधायक के सहयोगी विमल गुप्ता युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं।

विधायक विकास उपाध्याय की यह सोच रही है कि कम से कम उनके विधानसभा क्षेत्र के लोगों की सामान्य समस्याएँ जो च्वॉईस सेंटर के माध्यम से होनी रहती है, वह पूरी तरह से निःशुल्क उनके माध्यम से हो जाये। जिसके लिए उन्होंने एक योजना तैयार की कि क्षेत्र के अलग-अलग जगहों में इस तरह के निःशुल्क लोक सेवा केन्द्र का संचालन किया जाए। उनके जन्मदिवस 6 नवम्बर को पूर्व पार्षद विमल गुप्ता के प्रयास से ऐसा ही पहला केन्द्र कोटा क्षेत्र से शुरूआत की गई और इसके शुभारंभ के साथ ही देखा गया कि लोगों में जबरदस्त उत्साह है और एक के बाद एक यह संख्या बढ़ते-बढ़ते रोज सैंकड़ों तक पहुँचते चला गया। जैसे-जैसे इसका प्रचार क्षेत्र में होते गया लोग अपने इस तरह के दैनिक जरूरतों की कार्यों को लेकर पहुँचने शुरू हो गए।

कोटा क्षेत्र के बाद दूसरे प्रयास में इसी तरह का दूसरा लोक सेवा केन्द्र महादेव घाट रोड रायपुरा में संचालित हो गया। वहाँ भी लोगों का इस कार्य के प्रति उत्साह देखते ही बन रहा है। इन केन्द्रों में आम जनता को दैनिक जीवन में जरूरत पड़ रही आवश्यक शासकीय दस्तावेजों को उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है, वह भी पूरी तरह से निःशुल्क। इन केन्द्रों में आय, जाति, निवास, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, श्रमिक मजदूर कार्ड, ई-श्रमिक कार्ड, राशन कार्ड, वोटर कार्ड जैसे जरूरी चीजें बनाई जा रही हैं। लोग समय पूर्व इन केन्द्रों में अपने कार्य के होने की जानकारी सोशल मीडिया में जाहिर कर रहे हैं। विमल गुप्ता ने कहा, आम जनता की उत्साह एवं उनकी जरूरतों को देखते हुए पूरे विधानसभा में इस तरह के निःशुल्क सेवा केन्द्रों को विस्तार करने की योजना विधायक विकास उपाध्याय की है, जिसे शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा।