टंकियां बनीं, पाइपलाइन बिछी… फिर भी नलों में पानी नहीं

अगस्त 2025 से भुगतान नहीं मिलने का आरोप, कर्ज और ब्याज के बोझ में ठेकेदार; दिवाली से पहले भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

टंकियां बनीं, पाइपलाइन बिछी… फिर भी नलों में पानी नहीं

रायपुर। जल जीवन मिशन की मल्टी-विलेज योजनाओं में निर्माण और भुगतान का संकट अब सामने आने लगा है। छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन ने प्रदेश की 58 मल्टी-विलेज योजनाओं से जुड़े ठेकेदारों का करीब ₹1,100–1,200 करोड़ का भुगतान लंबित होने का दावा किया है। ठेकेदारों के मुताबिक, कई गांवों में पानी की टंकियां बन चुकी हैं, पाइपलाइन बिछ चुकी है, लेकिन मुख्य जलापूर्ति व्यवस्था अधूरी होने के कारण ग्रामीणों के नलों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

ठेकेदारों का दावा है कि उन्होंने अपनी पूंजी, संसाधन और बैंक ऋण लगाकर करीब 80 प्रतिशत काम पूरा कर दिया है। इसके बावजूद अगस्त 2025 के बाद से भुगतान नहीं हुआ। एसोसिएशन के अनुसार, फिलहाल ₹569.32 करोड़ की भुगतान मांग लंबित है। इसके अलावा करीब ₹500–600 करोड़ के पूर्ण या किए जा चुके कार्यों के बिल रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। इस तरह कुल लंबित राशि करीब ₹1,100–1,200 करोड़ तक पहुंचने का दावा किया गया है।

टंकी तैयार, लेकिन पानी पहुंचाने वाली व्यवस्था अधूरी

मल्टी-विलेज योजना के तहत नदी अथवा अन्य जलस्रोत से पानी लेकर उसे शुद्ध करने और फिर विभिन्न गांवों की टंकियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जानी है। ठेकेदारों का कहना है कि कई जगह गांवों के भीतर का काम लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन मुख्य जलापूर्ति व्यवस्था पूरी नहीं होने से तैयार बुनियादी ढांचा उपयोग में नहीं आ पा रहा।

सवाल यह है कि जब मुख्य स्रोत से टंकी तक पानी ही नहीं पहुंचेगा, तो घरों के नल कैसे चलेंगे?

कर्ज बढ़ा, खाते NPA होने की कगार पर

भुगतान अटकने से ठेकेदारों पर बैंक ऋण और ब्याज का दबाव बढ़ रहा है। एसोसिएशन के मुताबिक, कुछ ठेकेदारों के ऋण खाते NPA हो चुके हैं, जबकि कई अन्य इसके कगार पर हैं। कर्मचारियों का वेतन, मजदूरों की मजदूरी और सामग्री आपूर्तिकर्ताओं का भुगतान करना भी मुश्किल हो गया है।

ठेकेदारों का कहना है कि कुछ काम पूरे कर विभाग को सौंपे भी जा चुके हैं, लेकिन उनका भुगतान अब तक नहीं मिला है। इससे निर्माण एजेंसियों की कार्यशील पूंजी फंस गई है और शेष काम आगे बढ़ाना मुश्किल हो रहा है।

दिवाली से पहले भुगतान नहीं तो सड़क पर उतरने की चेतावनी

छत्तीसगढ़ कांट्रेक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेश शुक्ला ने कहा है कि यदि दिवाली से पहले लंबित भुगतान जारी नहीं किया गया तो प्रदेशभर के ठेकेदार आंदोलन करेंगे।

ठेकेदारों ने शासन से लंबित भुगतान तत्काल जारी करने, पूर्ण किए गए कार्यों के बिल दर्ज करने और अधूरी मुख्य जलापूर्ति व्यवस्थाओं को पूरा कराने की मांग की है।

जल जीवन मिशन की चुनौती अब सिर्फ निर्माण की नहीं, बल्कि तैयार ढांचे को वास्तविक जलापूर्ति से जोड़ने की है। टंकियां और पाइपलाइन तभी योजना की सफलता मानी जाएंगी, जब ग्रामीणों के घरों के नलों में वास्तव में पानी पहुंचे।