पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह पर कांग्रेस का चौतरफा हमला.. मंत्री, विधायक से लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा खोला

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह पर कांग्रेस का चौतरफा हमला.. मंत्री, विधायक से लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा खोला

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह द्वारा कांग्रेस सरकार के खिलाफ लगातार बयान बाजी के बाद कांग्रेस ने उनके 15 साल के कुशासन और भ्रष्टाचार को लेकर डॉ.रमन सिंह को चौतरफा घेरना शुरू कर दिया है। मंत्रिमंडल के अधिकृत प्रवक्ता द्वय रविन्द्र चौबे और मो.अकबर ने जहाँ आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रमन सिंह को उनके ही कार्यकाल के कुशासन की याद दिलाई है तो कल कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने डॉ.रमन सिंह पर कई मुहावरे के साथ तंज कसते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सिख लेने की सलाह दी थी।

भूपेश मंत्रिमंडल के अधिकृत प्रवक्ता द्वय रविन्द्र चौबे और मो.अकबर ने आज एक प्रेसवार्ता में डॉ.रमन सिंह द्वारा राज्य सरकार के खिलाफ बोलने को लेकर जवाब में उनके 15 वर्षों के भाजपा शासन काल में हुए कार्य और घटनाओं को याद दिलाया और उन्होंने कहा कि क्या भूल गए झीरमकांड ? क्या झलियामारी दुष्कर्म भूल गए ? क्या सारकेगुड़ा भूल गए ? मीना खलखो का रेपकांड भूल गए ? क्या आदिवासी बालिका की हत्या भूल गए ? क्या मुन्ना भाई प्रकरण भूल गए ? क्या मुन्नी बाई प्रकरण भूल गए ? क्या नसंबदी कांड भूल गए ? ऐसे अनेक ऐसे प्रकरण रहे हैं, क्या भाजपा नेताओं को ये याद नहीं ? क्या रमन सिंह अपने कार्यकाल में लगे इन दागों को भूल गए ?

मो.अकबर ने कहा रमन सरकार में 3 हजार किसानों ने आत्महत्या की। शराबबंदी के नाम पर कमीशनखोरी जोरों पर हुई। MOU के नाम जमीनें बेची गई। यहाँ तक की अपने कार्यकाल के अंतिम समय में सेक्स सीडी का स्कैंडल भी कथित तौर पर लेकर आए। रमन सिंह पहले इन सभी मामलों में जवाब दें, फिर हमारी सरकार से हिसाब मांगें।