इस देश की नब्ज को पहचानने वाला महात्मा गांधी के बाद अगर कोई दूसरा नेता है तो वो नरेंद्र मोदी हैं-राजनाथ सिंह

इस देश की नब्ज को पहचानने वाला महात्मा गांधी के बाद अगर कोई दूसरा नेता है तो वो नरेंद्र मोदी हैं-राजनाथ सिंह

गुजरात(गांधीनगर)।राज्य में चुनाव के ठीक पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को गुजरात के गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि नरेंद्र मोदी अब सिर्फ़ प्रधानमंत्री या जन नेता नहीं रहे। वे देश के सांस्कृति पुनर्जागरण के प्रतीक और बड़े समाज सुधारक साबित हो रहे हैं।राजनाथ सिंह के इस बयान से साफ है कि बीजेपी अभी और आने वाले समय में मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ने जा रही है।

देश में चल रहे बीजेपी की मोदी मैजिक को लेकर राजनाथ सिंह ने कहा, "नरेंद्र मोदी इतिहास की ऐसी लकीर हैं, जो देश के राजनीतिक इतिहास में पहली बार उकेरी गई है। आख़िर यह मोदी मैजिक है क्या? मैं फिर कह रहा हूँ, इस देश की नब्ज को पहचानने वाला और जनता से सीधे संवाद करने वाला महात्मा गांधी के बाद अगर कोई दूसरा नेता है तो वो नरेंद्र मोदी हैं।"

राजनाथ सिंह ने कहा, "महात्मा गांधी ने देश के करोड़ों लोगों को आंदोलन से जोड़ा। नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण से देश के आम लोगों को जोड़ा। यही मोदी मैजिक है।"

राजनाथ सिंह ने इसके पूर्व गांधीनगर में सोमवार को राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी (आरआरयू) के दूसरे दीक्षांत समारोह में उपस्थित हुए और कहा कि यह देखना भी बहुत बड़ी चुनौती कि 'देश के अच्छे सिस्टम को ख़त्म करने के लिए' क्या-क्या किया जा रहा है।राजनाथ सिंह ने कहा, ''कहीं सोशल मीडिया स्वतंत्र है तो उस पर व्यवस्थित उपप्रचार कैसे किया जाए। सोशल मीडिया का स्वतंत्र होना कोई बुरी बात नहीं है। स्वतंत्रता होनी चाहिए, मीडिया भी स्वतंत्र होनी चाहिए। लेकिन मीडिया स्वतंत्र है, इसका दुरुपयोग कैसे होता है। कैसे मीडिया के अंदर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर ख़तरनाक और विभाजनकारी बातों को स्थापित और उसे प्रचारित करने की कोशिश की जाती है।''

उन्होंने कहा, ''हमें अपने समाज को नैतिकता और आध्यात्मिकता के रास्ते पर ले जाने की ज़रूरत है। हमारी सरकार ने कई प्रयास किए हैं और हमारे प्रधानमंत्री ने उसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जब आप को किसी क्षेत्र में कुछ करने का मौका मिलता है तो यह आप की बुद्धि नहीं आप के मन पर निर्भर करता है।''