बेबाकी से अपनी राय रखते आए नितिन गडकरी आर्थिक सुधारों के लिए मनमोहन सिंह की तारीफ कर फिर से चर्चा में आ गए हैं

बेबाकी से अपनी राय रखते आए नितिन गडकरी आर्थिक सुधारों के लिए मनमोहन सिंह की तारीफ कर फिर से चर्चा में आ गए हैं

नई दिल्ली।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी दिल्ली में आयोजित ‘टीआईओएल पुरस्कार 2022’ समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि आर्थिक सुधारों के लिए ये देश उनका कर्ज़दार रहेगा।उन्होंने इस दौरान यह कह कर कि भारत को एक उदार आर्थिक नीति की ज़रूरत है जिसमें ग़रीबों को भी लाभ पहुँचाने की मंशा हो,से अपनी ही सरकार के आर्थिक नीति पर एक तरह से प्रश्न चिन्ह लगा दिया।

कभी बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके नितिन गडकरी हमेशा से अपने विचारों की स्पष्टता को लेकर पहचाने जाते रहे हैं और उनकी यही छवि उन्हें दमदार नेता की बनाती है।इसी साल भारतीय जनता पार्टी ने अपने संसदीय बोर्ड और केंद्रीय चुनाव समिति दोनों से बाहर कर दिया था। कहा गया की नितिन गडकरी की ओर से दिए जाने वाले ग़ैर-ज़रूरी और चुटीले बयानों की वजह से पार्टी ने ये कार्रवाई की। नितिन गडकरी ने नागपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि महात्मा गांधी के समय राजनीति देश, समाज, विकास के लिए होती थी, लेकिन अब राजनीति सिर्फ़ सत्ता के लिए होती है। कभी-कभी उनका मन राजनीति छोड़ देने का करता है। इस बयान के कुछ समय बीतने के बाद ही उन्हें पार्टी में अहम पदों से हटा दिया गया था।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने इस समारोह में कहा कि वर्ष 1991 में वित्त मंत्री रहते हुए मनमोहन सिंह की ओर से शुरू किए गए आर्थिक सुधारों ने भारत को एक नई दिशा दिखाई।इसके बाद गडकरी यहीं नहीं रुके बल्कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की तारीफ में आगे कहा, लिबरल इकोनॉमी (उदार अर्थव्यवस्था) के कारण देश को नई दिशा मिली, उसके लिए मनमोहन सिंह का देश ऋणी है। उन्होंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि उदार अर्थव्यवस्था किसानों और गरीब लोगों के लिए है। इस मौके पर गडकरी ने नब्बे के दशक में सड़क निर्माण के लिए धन जुटाने के लिए की गई मशक़्क़त का भी ज़िक्र किया।तब गडकरी महाराष्ट्र सरकार में मंत्री थे।

उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह की ओर से शुरू किए गए आर्थिक सुधारों की वजह से ही वो सड़क परियोजनाओं के लिए पैसे जुटा सके थे। ये पुरस्कार समारोह ‘टैक्सइंडियाऑनलाइन’ नाम के पोर्टल ने आयोजित किया था। उन्होंने कहा कि उदार अर्थव्यवस्था की नीतियां किसी देश के विकास में कितनी मददगार होती हैं, इसे समझने के लिए चीन बेहतर उदाहरण है।नितिन गडकरी के इस बयान पर अब तक न पार्टी की और न ही पीएम मोदी की कोई प्रतिक्रिया आई है।