हिमाचल की कांग्रेस सरकार में मचा हाहाकार। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिया इस्तीफा..

हिमाचल की कांग्रेस सरकार में मचा हाहाकार। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने दिया इस्तीफा..

नई दिल्ली डेस्क।राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में कल विधायकों के बगावती तेवर के बाद आज एक और बड़ा झटका लगा है।मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है।पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह ने शिमला में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इसकी घोषणा की है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा, "जनता के लिए कड़े फ़ैसले लेने पड़ते हैं। वर्तमान समय में मेरा मंत्री पद पर बने रहना ठीक नहीं है इसलिए मैं मंत्री पद से इस्तीफ़ा दे रहा हूं। हम चाहेंगे कि सरकार बची रहे। मैंने पार्टी हाईकमान को पूरी बात बता दी है और अब उन्हें तय करना है कि वो आगे क्या करना चाहते हैं। आगे हम क्या करेंगे इसके लिए चर्चा करके फ़ैसला लिया जाएगा।"

सोमवार को हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट के लिए हुए मतदान में कांग्रेस के छह विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी और इस चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी को हार का सामना करना पड़ा था।इस वजह से बीजेपी के पास पर्याप्त संख्या न होने के वावजूद भाजपा उम्मीदवार हर्ष महाजन की अप्रत्याशित जीत हुई।

बता दें कि विक्रमादित्य सिंह की माँ प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। कहा जाता है कि प्रतिभा सिंह ख़ुद सीएम बनना चाहती थीं लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस आलाकमान ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को सीएम बनाया था। विक्रमादित्य सिंह सुक्खू सरकार में लोक निर्माण और शहरी विकास मंत्री थे। वहीं उनकी माँ प्रतिभा सिंह हिमाचल प्रदेश के मंडी से लोकसभा सांसद हैं।