मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं, अब पीएससी अध्यक्ष का चेहरा तय करेगा छत्तीसगढ़ की सत्ता का भविष्य!
भूपेश सरकार की विदाई में पीएससी विवाद बना था बड़ा राजनीतिक मुद्दा, अब विष्णु देव सरकार के सामने भी वही चुनौती; युवाओं के भरोसे की परीक्षा...
रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजनीति में अब एक ऐसा सवाल खड़ा हो रहा है, जो आने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा और कांग्रेस दोनों के राजनीतिक भविष्य को प्रभावित कर सकता है। सवाल मुख्यमंत्री के चेहरे का नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (पीएससी) के अगले अध्यक्ष का है। आखिर प्रदेश के इस सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान की कमान किस व्यक्ति को सौंपी जाएगी? क्या वह चेहरा लाखों युवाओं का भरोसा जीत पाएगा या फिर पीएससी की नियुक्ति एक बार फिर राजनीतिक विवाद का कारण बनेगी?
छत्तीसगढ़ की पिछली विधानसभा राजनीति का विश्लेषण करें तो भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के खिलाफ पीएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप एक बड़े राजनीतिक मुद्दे के रूप में उभरे थे। भाजपा ने इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा सवाल बनाकर कांग्रेस सरकार को घेरा था। पीएससी की निष्पक्षता पर उठे सवालों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के साथ-साथ शिक्षित और जागरूक वर्ग में भी गहरी नाराजगी पैदा की थी। यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि पीएससी विवाद ने कांग्रेस के खिलाफ बने राजनीतिक माहौल को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हालांकि कांग्रेस की हार के पीछे अनेक राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक कारण रहे, लेकिन पीएससी विवाद ऐसा मुद्दा था जिसने सीधे प्रदेश के युवाओं और उनके परिवारों को प्रभावित किया। कोयला और शराब घोटाले जैसे आरोप जहां राजनीतिक बहस का हिस्सा थे, वहीं पीएससी का सवाल उन परिवारों के भविष्य से जुड़ा था, जिनके बच्चे वर्षों तक सरकारी नौकरी की तैयारी में अपना समय, पैसा और जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा लगा रहे थे।
विडंबना देखिए कि जिस पीएससी को भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपनी राजनीति का प्रमुख हथियार बनाया था, आज उसी संस्था के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर विष्णु देव साय सरकार सवालों के घेरे में है। पूर्व अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त होने के बाद से आयोग अध्यक्ष विहीन है। करीब ढाई महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद नियुक्ति नहीं हो सकी है। इस देरी का असर केवल एक पद रिक्त रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य सेवा परीक्षा के साक्षात्कार, नई भर्ती प्रक्रियाओं और चयन संबंधी महत्वपूर्ण कार्यों पर भी पड़ रहा है।
नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में यह मामला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट तक पहुंच गया। न्यायालय ने नियुक्ति में देरी पर राज्य शासन और आयोग से जवाब मांगा है। सरकार ने नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में होने की जानकारी दी है और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी जल्द नियुक्ति का भरोसा दिलाया है। लेकिन सवाल यह है कि युवाओं को भरोसा केवल आश्वासन से मिलेगा या किसी ठोस और विश्वसनीय निर्णय से?
तीन साल की सत्ता के बाद भाजपा के सामने भी वही कसौटी
भाजपा सरकार के करीब तीन वर्ष के कार्यकाल में रोजगार और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर युवाओं की अपेक्षाएं लगातार बढ़ी हैं। सरकार के लिए सबसे बड़ी चुनौती केवल रिक्त पदों पर भर्तियां निकालना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था स्थापित करना है जिसमें अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर पूरा विश्वास हो।
पीएससी जैसी संस्था में भ्रष्टाचार की आशंका और बेरोजगारों के लिए समयबद्ध भर्ती नहीं हो पाना, दोनों ही स्थितियां युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाती हैं। एक ओर परीक्षा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को वर्षों तक परिणाम और नियुक्तियों का इंतजार करना पड़ता है, दूसरी ओर आयु सीमा समाप्त होने और अवसर निकल जाने का खतरा उनके सामने खड़ा रहता है।
ऐसे में सरकार के सामने केवल अध्यक्ष नियुक्त करने की औपचारिकता पूरी करने का सवाल नहीं है। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि नियुक्त होने वाले व्यक्ति की प्रशासनिक क्षमता, निष्पक्षता, पारदर्शिता और संस्थान को मजबूत करने की इच्छाशक्ति पर किसी प्रकार का संदेह न रहे।
महादेव कांवरे के नाम की चर्चा, अंतिम मुहर का इंतजार
पीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवरे का नाम चर्चा में है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, राज्य सरकार ने उनके नाम का प्रस्ताव अनुमोदन के लिए राजभवन भेजा है। हालांकि नियुक्ति को लेकर अंतिम आधिकारिक आदेश जारी होने तक किसी नाम को तय मानना उचित नहीं होगा। अब निगाहें राजभवन के निर्णय पर टिकी हैं।
यह नियुक्ति इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि नया अध्यक्ष केवल आयोग का प्रशासनिक मुखिया नहीं होगा, बल्कि उसे उस संस्था की साख बहाल करने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी, जिसकी निष्पक्षता पर पिछले वर्षों में गंभीर सवाल उठे हैं।
अगली सरकार का रास्ता युवाओं के भरोसे से होकर गुजरेगा?
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव भले अभी दूर हों, लेकिन पीएससी का मुद्दा अभी से राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनने की क्षमता रखता है। प्रदेश का युवा वर्ग अब केवल राजनीतिक भाषणों और रोजगार के वादों से संतुष्ट होने वाला नहीं है। वह यह देखना चाहता है कि किस सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया, किसने परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की और किसने संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखने की गंभीर कोशिश की।
भाजपा के लिए यह अवसर भी है और चुनौती भी। यदि सरकार एक निष्पक्ष, योग्य और निर्विवाद अध्यक्ष की नियुक्ति कर आयोग की कार्यप्रणाली में सुधार लाती है, लंबित भर्तियों को गति देती है और युवाओं का विश्वास जीतती है तो वह अपने पक्ष में एक मजबूत राजनीतिक संदेश दे सकती है। दूसरी ओर, नियुक्ति में देरी और भर्ती प्रक्रियाओं की सुस्ती जारी रही तो कांग्रेस को सरकार को घेरने के लिए एक बड़ा मुद्दा मिल सकता है।
दरअसल, छत्तीसगढ़ की राजनीति में अब पीएससी केवल परीक्षा लेने वाला आयोग नहीं रह गया है, बल्कि यह युवाओं के विश्वास, सरकार की जवाबदेही और राजनीतिक विश्वसनीयता का प्रतीक बन चुका है।
आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि पीएससी की कुर्सी पर बैठने वाला नया चेहरा युवाओं के मन में विश्वास पैदा करता है या राजनीतिक विवादों की नई पटकथा लिखता है। क्योंकि अब छत्तीसगढ़ के युवा यह सवाल पूछ रहे हैं कि सत्ता में कौन आएगा, इससे पहले यह बताइए कि हमारे भविष्य का फैसला करने वाली संस्था कितनी ईमानदार और सक्षम होगी?



Beauro Cheif



