हाईकोर्ट की टिप्पणी के एक माह बाद भी PSC अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं, 26 नवंबर को फिर होगी सुनवाई
संवैधानिक संस्था नेतृत्वविहीन, हजारों युवाओं की भर्ती और भविष्य पर अनिश्चितता; कांग्रेस महासचिव सुबोध हरितवाल ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में अध्यक्ष की नियुक्ति का मामला अब केवल प्रशासनिक देरी तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि प्रदेश की भर्ती व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बन गया है। हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद भी एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद आयोग को नियमित अथवा कार्यवाहक अध्यक्ष नहीं मिल सका है। इस बीच 26 नवंबर को हाईकोर्ट में एक बार फिर संबंधित प्रकरण की सुनवाई होनी है। ऐसे में अब सरकार की कार्यप्रणाली और नियुक्ति प्रक्रिया पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की पूर्व अध्यक्ष रीता शांडिल्य का कार्यकाल 8 सितंबर 2026 को समाप्त हुआ था। इसके बाद से आयोग का अध्यक्ष पद रिक्त है। न तो नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति की गई और न ही आयोग के किसी सदस्य को कार्यवाहक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस प्रशासनिक रिक्तता का असर आयोग की महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाओं और अन्य निर्णयों पर पड़ रहा है।
हाईकोर्ट ने भी जताई थी चिंता
26 अक्टूबर 2026 को हाईकोर्ट में आठ मनोरोग विशेषज्ञों के पदों पर चयन से संबंधित मामले की सुनवाई हुई थी। अदालत के समक्ष यह तथ्य आया कि अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त होने के बाद आयोग ने भी 13 अक्टूबर को शासन को अध्यक्ष अथवा कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए पत्र लिखा था। अध्यक्ष के अभाव में इन पदों के लिए चयन और साक्षात्कार की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी।
इस पर राज्य शासन और आयोग की ओर से समय मांगा गया था। अदालत ने 26 नवंबर को अगली सुनवाई निर्धारित करते हुए शासन को इस बीच अध्यक्ष अथवा कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा था। अब इस निर्देश के एक माह बाद भी नियुक्ति नहीं होने से 26 नवंबर की सुनवाई का महत्व और बढ़ गया है।
दो नामों का पैनल भेजे जाने की चर्चा, लेकिन नियुक्ति आदेश नहीं
अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल की खबरें सामने आई हैं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 9 नवंबर को राज्य शासन ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवरे और नरेंद्र दुग्गा के नामों का पैनल राज्यपाल की अनुमति के लिए लोकभवन भेजा था। हालांकि, 24 नवंबर तक नियुक्ति को लेकर आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी 23 नवंबर को मीडिया से चर्चा के दौरान अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द किए जाने की बात कही थी। इसके बावजूद नियुक्ति की औपचारिक घोषणा का इंतजार बना हुआ है।
सुबोध हरितवाल का सरकार पर तीखा सवाल, सत्ता में आने के बाद भाजपा क्यों भूल गई PSC?
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुबोध हरितवाल ने इस पूरे मामले पर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाया था। तत्कालीन कांग्रेस सरकार को घेरने के लिए पीएससी की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और नियुक्तियों को लेकर लगातार सवाल खड़े किए जाते थे। युवाओं के भविष्य और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की बड़ी-बड़ी बातें की जाती थीं, लेकिन आज सत्ता में आने के बाद वही भाजपा सरकार प्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थानों में से एक को अध्यक्ष तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है।
हरितवाल ने कहा कि यह विडंबना है कि जिस लोकसेवा आयोग को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार के विरुद्ध राजनीतिक अभियान चलाया, आज उसी आयोग का अध्यक्ष पद ढाई महीने से अधिक समय से रिक्त है। हाईकोर्ट की टिप्पणी के बाद भी एक माह बीत गया, लेकिन सरकार नियुक्ति नहीं कर सकी। आखिर ऐसी कौन सी प्रशासनिक बाध्यता है, जिसके कारण एक संवैधानिक संस्था को नियमित नेतृत्व नहीं मिल पा रहा है?
उन्होंने कहा कि लोक सेवा आयोग केवल एक कार्यालय या प्रशासनिक विभाग नहीं है, बल्कि प्रदेश के लाखों युवाओं की उम्मीदों और उनके भविष्य से जुड़ी संस्था है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष लगा देते हैं। आर्थिक और पारिवारिक चुनौतियों के बीच वे सरकारी सेवा में जाने का सपना देखते हैं। ऐसे में आयोग के शीर्ष पद पर लंबे समय तक नियुक्ति नहीं होना और भर्ती प्रक्रियाओं का प्रभावित होना युवाओं की चिंता बढ़ाने वाला है।
साक्षात्कार से लेकर नई भर्ती के विज्ञापन तक पर असर
आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त रहने का असर कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर दिखाई दे रहा है। राज्य सेवा परीक्षा-2025 के मुख्य परीक्षा में सफल 608 अभ्यर्थी साक्षात्कार की प्रतीक्षा कर रहे हैं। विभिन्न विभागों की भर्ती परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं की समय-सारिणी भी प्रभावित हुई है। पुलिस विभाग के उप निरीक्षक, सूबेदार और प्लाटून कमांडर के 297 पदों की भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है।
इसके अलावा राज्य सेवा परीक्षा-2026 के विज्ञापन को लेकर भी अभ्यर्थियों की निगाहें 26 नवंबर पर टिकी हैं। संविधान दिवस के अवसर पर विज्ञापन जारी होने की संभावित परंपरा के बीच अध्यक्ष की नियुक्ति में देरी ने युवाओं की चिंता बढ़ा दी है। आयोग के प्रशासनिक और पदोन्नति संबंधी मामलों पर भी इसका प्रभाव पड़ने की खबरें हैं।
26 नवंबर को हाईकोर्ट में क्या होगा?
अब 26 नवंबर को होने वाली सुनवाई कई दृष्टियों से महत्वपूर्ण होगी। अदालत के सामने यह स्थिति भी होगी कि 26 अक्टूबर को दिए गए निर्देश के बाद शासन ने नियुक्ति की दिशा में क्या कदम उठाए हैं। क्या नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी होगी, क्या शासन की ओर से कोई ठोस समयसीमा प्रस्तुत की जाएगी अथवा आयोग को नेतृत्व देने के लिए अदालत को फिर कोई निर्देश देना पड़ेगा, यह सुनवाई के बाद ही स्पष्ट होगा।
सुबोध हरितवाल ने सरकार से मांग की है कि वह राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर आयोग को तत्काल नियमित अध्यक्ष उपलब्ध कराए और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को गति देने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना सामने रखे।
प्रदेश के युवाओं के लिए यह केवल एक पद पर नियुक्ति का सवाल नहीं है, बल्कि उनकी मेहनत, समय और रोजगार की उम्मीदों का सवाल है। अब देखना होगा कि 26 नवंबर की सुनवाई से पहले सरकार इस दिशा में कोई ठोस निर्णय लेती है या फिर प्रदेश के अभ्यर्थियों को एक बार फिर इंतजार करना पड़ता है।
हाईकोर्ट की टिप्पणी, नियुक्ति में लगातार देरी और विपक्ष के सवालों के बीच अब सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग को कब तक पूर्ण नेतृत्व मिलेगा और प्रदेश की रुकी हुई भर्ती व्यवस्था को सामान्य बनाने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।



Beauro Cheif



