मार्च में जीएसटी कलेक्शन ने तोड़े सारे रेकॉर्ड, पहुंचा 1 लाख करोड़ से भी ज्यादा रुपये का आंकड़ा

मार्च में जीएसटी कलेक्शन ने तोड़े सारे रेकॉर्ड, पहुंचा 1 लाख करोड़ से भी ज्यादा रुपये का आंकड़ा

नई दिल्ली।देश में बीते महीने यानी मार्च, 2022 में सरकार को जीएसटी से रिकॉर्ड कलेक्शन हुआ है। मार्च में कुल 1,42,095 करोड़ का राजस्व जीएसटी के जरिए आया है। ये पहली बार है जब किसी एक महीने में जीएसटी कलेक्शन ने 1.42 लाख करोड़ के स्तर को छुआ हो। इससे पहले कभी भी एक महीने में जीएसटी कलेक्शन इस आंकड़े तक नहीं पहुंचा था।

वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को मार्च महीने के जीएसटी कलेक्शन के आंकड़े जारी किए हैं। मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि मार्च में कुल जीएसटी संग्रह 1,42,095 रहा है। इसमें सीजीएसटी 25,830 करोड़, एसजीएसटी32,378 करोड़ और आईजीएसटी 74,470 करोड़ रुपए रहा है। सेस से 9417 करोड़ रुपए आए हैं। इससे पहले एक महीने में सबसे ज्यादा जीएसटी कलेक्शन जनवरी 2022 में 1,40, 986 करोड़ का रिकॉर्ड था। फरवरी में जीएसटी कलेक्शन 1,33,026 करोड़ था।

इसके अलावा सरकार ने आज जारी अपने स्टेटमेंट में यह भी बताया है कि केंद्र सरकार ने इस महीने केंद्र और राज्य/ केंद्र शासित प्रदेशों के बीच 50:50 के अनुपात में एड-हॉक बेसिस पर IGSTके 20,000 करोड़ रुपये का सेटलमेंट किया है। जिसके चलते इस सेटलमेंट के बाद इस महीने के कुल जीएसटी रेवेन्यू में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 65,646 करोड़ रुपये और राज्य सरकारों की हिस्सेदारी 67,410 करोड़ रुपये रही।