केसी वेणुगोपाल, विकास उपाध्याय सहित कई केंद्रीय नेता अब भी पुलिस हिरासत में। चितम्बरम की पसली टूटी...दिल्ली के अहम बैठक में सिंहदेव भी शामिल

केसी वेणुगोपाल, विकास उपाध्याय सहित कई केंद्रीय नेता अब भी पुलिस हिरासत में। चितम्बरम की पसली टूटी...दिल्ली के अहम बैठक में सिंहदेव भी शामिल

नई दिल्ली।नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पहले तीन घंटे की ईडी की पूछताछ के बाद खत्म हो गई थी। लंच ब्रेक के दौरान राहुल सोनिया गांधी से मिलने अस्पताल पहुंचे। यहां से एक बार फिर वे ईडी दफ्तर पहुंचे, जहां उनसे दूसरे दौर की पूछताछ की जा रही है।वहीं ईडी के खिलाफ प्रदर्शन में सम्मिलित केसी वेणुगोपाल, विकास उपाध्याय सहित कई सांसद और केंद्रीय कांग्रेस नेता अब भी दिल्ली पुलिस की हिरासत में हैं।जिन्हें अब तक छोड़ा नहीं गया है।इस बीच दिल्ली के पार्टी कार्यालय में कांग्रेस की अहम बैठक हुई है,जहां छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव भी सम्मिलित हुए हैं।

कांग्रेस ने आज फिर से एक बार साबित कर दिया कि सभी नेता गांधी परिवार को लेकर एकजुट हैं। इस बीच खबर है कि प्रदर्शन में सम्मिलित पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम की बाईं पसली फ्रैक्चर हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने बताया कि दिल्ली में पार्टी के विरोध के दौरान पुलिस की धक्कामुक्की में उन्हें यह चोट लगी है।वहीं कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद उन्हें तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में अब तक रखा गया है,तो पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और सांसद विधायकों के साथ मयूर विहार थाने में।इन नेताओं की अब तक रिहाई न होने की वजह बताई जा रही है कि पैदल मार्च में इनकी महत्वपूर्ण अगुवाई थी और जब तक राहुल गांधी से पूरी पूछ ताछ न हो जाये तब तब इन्हें रिहा नहीं किया जाएगा।

इस बीच दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में कांग्रेस की अहम बैठक हुई है जहां राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री समेत रघु शर्मा, मुकुल वासनिक, राजीव शुक्ला, अजय माकन और टीएस सिंहदेव सहित पार्टी के अन्य नेता सम्मिलित हुए हैं। नेशनल हेराल्ड मामले पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड अखबार की स्थापना 1937 में हुई थी और तब से ही कांग्रेस पार्टी इसे इमदाद करती आई है। मीडिया के लोगों को पता है कि प्रिंट मीडिया जहां जहां छप रहा है उसकी क्या स्थिति है, वो ज्यादातर घाटे में चलता है। उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड अखबार आजादी के बाद बहुत कमजोर हो गया, उसकी स्थिति बहुत खराब हो गई थी, जिसके बाद कांग्रेस पार्टी ने उनकी मदद की। भाजपा जब से सत्ता में आई है उसके बाद इसे एक मुकदमा बना कर पेश किया गया। 

गहलोत ने कहा कि 76 साल में आज अगर आधुनिक भारत बना है तो ये कांग्रेस की देन है। आजादी के पहले और आजादी के बाद जो त्याग, बलिदान दिया है वो कांग्रेस नेताओं ने दिया, उसे मोदी जी कभी याद नहीं करते हैं। मोदी जी ने इंदिरा गांधी जी की शहादत को कभी याद नहीं किया। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को इतना गुरूर है कि उन्हें जनता की कोई चिंता नहीं है वो सिर्फ धर्म के नाम पर लोगों को भड़का रहे हैं और उसमें वो सफल भी हो रहे हैं, लेकिन उसकी भी एक सीमा होती है।कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम सत्याग्रह कर रहे हैं और जब सत्याग्रह करते हैं तो डिटेंशन और जो भी केस लगाने हैं वो लगते हैं उसकी चिंता नहीं है। चिंता इस बात की है कि इस देश में लोकतंत्र के तहत हम जो भी धरना या सत्याग्रह करते हैं उससे ये नहीं समझना चाहिए कि कांग्रेस कमजोर है।उन्होंने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामला फर्जी है सिर्फ परेशान करने के लिए सबको ED ऑफिस बुलाया जा रहा है। इसमें राजनीति हो रही है और कुछ नहीं, इसलिए इसका खंडन करने के लिए कांग्रेस ने आज पूरे देश में सत्याग्रह किया और हजारों लोग गिरफ्तार हुए। हम डरने वाले नहीं, हम इसका सामना करेंगे।

देश भर में हुए प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस भी पीछे नहीं रहा। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में ईडी दफ्तर को घेरने प्रभावी प्रदर्शन हुए हैं।वहीं कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया और पार्टी के कई नेताओं को भी पुलिस ने सोमवार को हिरासत में ले लिया। नारे लगाते हुए और भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए विपक्षी दल कांग्रेस के नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भांगागढ़ क्षेत्र के पास प्रदेश पार्टी मुख्यालय राजीव भवन से गुवाहाटी-शिलांग रोड पर जुलूस निकालने की कोशिश की।