नरेंद्र मोदी लोकसभा में विपक्ष पर बरसे, कांग्रेस के लिए बोले- ''आपने मन बना लिया है 100 साल तक सत्ता में नहीं आना है।''

नरेंद्र मोदी लोकसभा में विपक्ष पर बरसे, कांग्रेस के लिए बोले- ''आपने मन बना लिया है 100 साल तक सत्ता में नहीं आना है।''

नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता में उनके भाषणों का बहुत बड़ा योगदान है। वो बहुत अच्छे वक्ता हैं। शानदार भाषण देते हैं। यही वजह है कि मोदी की कामयाबी में भी इसका बड़ा योगदान है।ठीक इसी के अनुरूप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई बहस का संसद में जवाब दिया। इस दौरान वो विपक्ष पर जमकर निशाना साधते नज़र आए। कांग्रेस के लिए उन्होंने कहा,''आपने मन बना लिया है 100 साल तक सत्ता में नहीं आना है।''

अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने एक शेर भी सुनाया-

''वो जब दिन को रात कहें, तो तुरंत मान जाओ।

नहीं मानोगे तो वो दिन में नकाब ओढ़ लेंगे।

जरूरत हुई तो हकीकत को थोड़ा बहुत मरोड़ लेंगे,

वो मगरूर हैं खुद की समझ पर बेइंतहा, इन्हें आईना मत दिखाओ, वो आईने को भी तोड़ देंगे।''

प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना काल का जिक्र कर आरोप लगाया कि कोरोना महामारी का इस्तेमाल विपक्ष ने दलगत राजनीति के लिए किया है। उन्होंने कांग्रेस का नाम लेते हुए कहा कि महामारी के वक्त कांग्रेस ने हद कर दी। कोरोना लॉकडाउन के वक्त कांग्रेस के लोगों ने महाराष्ट्र से जानबूझकर लोगों को वापस दूसरे राज्यों में उनके गाँव-शहर की तरफ़ से भेज दिया।

प्रधानमंत्री मोदी के निशाने पर दिल्ली आम आदमी पार्टी की सरकार भी रही और उन्होंने इसके लिए भी ऐसा ही आरोप लगाया। प्रधानमंत्री का कहना है कि इस वजह से पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में जहाँ कोरोना महामारी अपेक्षाकृत कम फैली हुई थी, और तेज़ी से फैलने लगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ''बीते दो सालों में 100 साल का सबसे बड़ा वैश्विक महामारी का संकट पूरी दुनिया की मानव जाति झेल रही है। जिन्होंने भारत के अतीत के आधार पर ही भारत को समझने का प्रयास किया, उनको तो आशंका थी कि शायद भारत इतनी बड़ी लड़ाई नही लड़ पाएगा, खुद को बचा नहीं पाएगा।''

प्रधानमंत्री ने आगे कहा,' 'इस कोरोना काल में कांग्रेस ने हद कर दी। पहली लहर के दौरान देश जब लॉकडाउन का पालन कर रहा था, जब WHO दुनिया भर को सलाह देता था, सारे हेल्थ एक्सपर्ट कह रहे थे कि जो जहां है वहीं पर रुके।तब कांग्रेस के लोगों ने मुंबई के रेलवे स्टेशन पर खड़े रहकर मुंबई के श्रमिकों को जाने के लिए उनको टिकट दिया गया, लोगों को जाने के लिए प्रेरित किया गया।''

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में अलग-अलग राज्यों का ब्योरा देते हुए ये भी बताया कि किस राज्य में कब से कांग्रेस की सरकार नहीं बन सकी है। उन्होंने कहा, ''नागालैंड के लोगों ने आखिरी बार 1998 में कांग्रेस के लिए वोट किया था, करीब 24 साल हो गए। ओडिशा ने 1995 में आपके लिए वोट किया था, सिर्फ 27 साल हुए आपको वहां एंट्री नहीं मिली। गोवा में 1994 में पूर्ण बहुमत के साथ आप जीते थे, 28 साल से गोवा ने आपको स्वीकार नहीं किया। 1988 के बाद से त्रिपुरा में मौका नहीं मिला। यूपी, बिहार, गुजरात में 1985 के बाद से आपको नहीं आने दिया गया। पिछली बार पश्चिम बंगाल ने 1972 में करीब 50 साल पहले आपको पसंद किया गया था।''