द्रौपदी मुर्मू भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी,पीएम मोदी ने लिखा, भारत ने इतिहास रच दिया

द्रौपदी मुर्मू भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी,पीएम मोदी ने लिखा, भारत ने इतिहास रच दिया

नई दिल्ली।एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को राष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्षी दलों के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को भारी अंतर से हराकर भारत की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनने की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।द्रौपदी मुर्मू आगामी 25 जुलाई को राष्ट्रपति के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी।

भारत के राष्ट्रपति को चुनने वाले इलेक्टोरल कॉलेज में मतों के कुल मूल्य 1,086,431 होते हैं। इस चुनाव में दो उम्मीदवार थे लिहाजा आधे से अधिक वोट मिलने पर किसी भी प्रत्याशी की जीत तय हो जाती।दोनों उम्मीदवार में से किसी को भी जीतने के लिए 543,216 मत मूल्य चाहिए थे।परंतु तीसरे राउंड के ख़त्म होने के बाद ही द्रौपदी मुर्मू को 5,77,777 मतों के मूल्य मिल चुके थे और उनकी जीत वहीं तय हो गई थी।जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी यशवंत सिन्हा को कुल 2,61,062 मत मूल्य मिले।

द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में जीत मिलने के बाद भारत के निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। राष्ट्रपति कोविंद की ओर से कहा गया है कि 'श्रीमति द्रौपदी मुर्मू को 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर बहुत शुभकामनाएं और बधाई।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ट्विटर पर एक के बाद एक चार ट्वीट में उन्होंने अपनी शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम मोदी ने लिखा, ''भारत ने इतिहास रच दिया है।ऐसे वक़्त में जब 1.3 अरब भारतीय आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, तब पूर्वी भारत के एक सुदूर इलाक़े में पैदा हुईं आदिवासी समुदाय की बेटी को हमारा राष्ट्रपति चुना गया है। द्रौपदी मुर्मू जी को इस उपलब्धि के लिए बधाई।''

दूसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा, ''द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन, उनके जीवन के शुरुआती संघर्ष, उनकी शानदार सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता हर भारतीय को प्रेरित करती है। वो हमारे नागरिकों, ख़ास रूप से ग़रीबों, हाशिए के लोगों और दलितों के लिए आशा की किरण के रूप में उभरी हैं।''

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ''विधायक और मंत्री के रूप में द्रौपदी मुर्मू जी ने शानदार काम किया है। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा। मुझे यक़ीन है कि वो एक बेहतरीन राष्ट्रपति होंगी, जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत बनाएंगी।''

अंतिम ट्वीट में उन्होंने लिखा, ''मैं द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाली सभी पार्टी के सांसदों और विधायकों को धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्हें मिली रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।''