गजराज बांध को रायपुर की नई लाइफलाइन बनाने की पहल, राज्यपाल ने की विशेष समीक्षा
रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका ने रायपुर शहर की बढ़ती पेयजल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कमल विहार स्थित लगभग 230 एकड़ क्षेत्र में फैले गजराज बांध को एक विशाल जलाशय के रूप में विकसित करने की पहल की है। इस संबंध में उन्होंने आज लोकभवन में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे तथा अतिरिक्त आयुक्त विनोद पाण्डेय के साथ विशेष चर्चा की।
बैठक में राज्यपाल ने गजराज बांध की वर्तमान स्थिति, उसकी जल संग्रहण क्षमता तथा भविष्य में रायपुर शहर को पेयजल उपलब्ध कराने में उसकी संभावित भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सिंचाई कार्यों में उपयोग नहीं हो रहे गजराज बांध की आवश्यक मरम्मत एवं आधुनिकीकरण कर इसे रायपुर शहर की जल आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए एक महत्वपूर्ण स्रोत बनाया जा सकता है।
राज्यपाल ने अधिकारियों से इस दिशा में विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा तकनीकी पहलुओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते रायपुर शहर के लिए दीर्घकालिक जल प्रबंधन आवश्यक है और गजराज बांध को विकसित कर इसे शहर की नई “लाइफलाइन” के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि जल संरक्षण एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग से भविष्य में पेयजल संकट की संभावनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। राज्यपाल की इस पहल को रायपुर शहर के लिए एक दूरदर्शी कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में लाखों नागरिकों को लाभ मिल सकता है।



Beauro Cheif



