छत्तीसगढ़ में पहली बार इंदिरा गांधी के सम्पूर्ण जीवन पर चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ आज। युवक कांग्रेस अध्यक्ष कोको पाढ़ी ने कहा, इंदिरा गांधी आज भी प्रासंगिक

छत्तीसगढ़ में पहली बार इंदिरा गांधी के सम्पूर्ण जीवन पर चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ आज। युवक कांग्रेस अध्यक्ष कोको पाढ़ी ने कहा, इंदिरा गांधी आज भी प्रासंगिक

छत्तीसगढ़ (रायपुर)। छत्तीसगढ़ प्रदेश में पहली बार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के सम्पूर्ण जीवन दर्शन को लेकर प्रदेश युवक कांग्रेस द्वारा प्रदर्शनी लगायी जा रही है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित ऐतिहासिक पुराने कांग्रेस भवन के गांधी मैदान में इन दिनों इस चित्र प्रदर्शनी को लेकर युवा कांग्रेस के साथी दिन रात मेहनत कर रहे हैं। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी ने इस प्रदर्शनी को लेकर कहा कि इंदिरा गांधी के जन्म से लेकर उनके अंतिम सफर तक की सम्पूर्ण चित्रों का संकलन कर यह प्रदर्शनी लगायी गई है। उन्होंने कहा, आयरन लेडी देश की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने कि अपने जीवन के समय थीं।

रायपुर स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में प्रदेश युवक कांग्रेस के इस प्रदर्शनी की तैयारी अनायास ही लोगों का ध्यान खींच रही है। काफी बड़े जगह को तीन रंगों से डोम बनाकर पूरी तरह से एक ऐसा स्वरूप दिया गया है कि देखते ही बनता है। पिछले कई दिनों से इसकी तैयारी में लगे युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता दिन रात मेहनत कर आज अंतिम पड़ाव में पहुँच गए हैं, जब पूरी तैयारी कर ली गई है। आज से 11 दिनों तक चलने वाले इस चित्र प्रदर्शनी में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्म से लेकर उनके अंतिम सफर तक एक-एक गतिविधियों व उनके चित्रों को इस तरह से समावेश किया गया है मानो ऐसा लगता है वे आज भी जीवित हैं। इस प्रदर्शनी का आज शाम कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके अलावे युवक कांग्रेस द्वारा प्रदर्शनी के बाहर विशाल मंच बनाया गया है जहाँ प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के रंगोली एवं चित्रकला से लेकर विधाओं को लेकर प्रतियोगिता भी आयोजित होंगी। वहीं झीरम में शहीद हुए कांग्रेस नेताओं को श्रद्धांजलि देने अलग से उनके तस्वीरों के साथ मंच बनाया गया है।

युवा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास ने दिल्ली से की इसकी शुरुआत

राष्ट्रीय युवक कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास इस वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जयंती पर दिल्ली में इस तरह का प्रदर्शनी लगाकर शुरूआत की थी कि देश के वर्तमान पीढ़ी देश की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पराक्रम व उनकी साहस को करीब से जाने और जिस महिला सशक्तिकरण को लेकर आज चर्चा हो रही है उसकी प्रणेता इंदिरा जी ही थीं। इसके बाद उन्होंने सभी प्रदेश के अध्यक्षों को कहा था कि वे अपने क्षमता के अनुरूप पूरे देश भर में इस तरह का आयोजन अपने प्रदेश में करें। ताकि आज की पीढ़ी को इस बात की जानकारी हो सके कि इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री के रूप में भारत को किस तरह से मजबूती प्रदान की। चित्र प्रदर्शनी में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि इंदिरा गांधी की जो शख्सियत रही है, शायद भारत के इतिहास में और किसी का नहीं रहा।

भारत को सशक्त बनाने इंदिरा गांधी ने महत्वपूर्ण कदम उठाये

इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री के रहते देश के राजे-महाराजों की सम्पत्तियाँ भारत सरकार में शामिल कर लीं तथा देश के बड़े बैंकों को राष्ट्रीकृत कर दिया। इस तरह एक झटके में 14 बड़े बैंकों का राष्ट्रीकरण अपने-आप में बड़ी घटना थी। इंदिरा गांधी के इस कदम ने आम नागरिकों का दिल जीत लिया। इसी तरह एक के बाद एक देशहित में दिये जा रहे उनके निर्णयों ने इंदिरा गांधी को उस मुकाम तक पहुँचा दिया तब जनसंघ के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने उन्हें दुर्गा की उपाधि से नवाजा। यही वो समय था जब पाकिस्तान पर भारत की भारी भरकम जीत राष्ट्र के लिये गौरव का विषय बन गया। 1974 में भारत द्वारा पोखरण में किए गए परमाणु परीक्षण ने इंदिरा गांधी का देश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में बढ़ा दिया। इसके बाद 1975 में सिक्किम के भारत में विलय से उनकी छवि एक महान नेता की हो गयी।

सोशल मीडिया का प्रचलन न होने के बावजूद पूरे विश्व में इंदिरा ने डंका बजाया

वर्तमान राजनीति ऐसी हो गयी है जब जितना नहीं किया जाता उतना प्रचार कर दिया जाता है। यहाँ तक कि यह प्रचलन भी चल पड़ा है जब दूसरे देशों की उपलब्धियों को ट्वीट कर अपने देश का बताया जा रहा है, परन्तु इंदिरा गांधी के जमाने में इस तरह का कोई अविष्कार ही नहीं हुआ था। बावजूद इंदिरा गांधी वो नेता थीं जिन्हें पूरा विश्व जानता था। भारत देश में आज भी नवजवानों की वह पीढ़ी उनके वीरगाथा और साहसिक निर्णयों को लेकर याद करती है। लोगों के घरों में टेलीविजन तक नहीं था, बावजूद वे लोगों की जूबान में थीं। आज निश्चित तौर पर इंदिरा गांधी इस दौर में उतनी ही प्रासंगिक हैं जितना कि उनके जीवित रहते। युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी ने इंदिरा गांधी के जीवन दर्शन को छत्तीसगढ़ में जीवंत बनाये रखने जो प्रदर्शनी आयोजित की है। निश्चित रूप से इसका लाभ कांग्रेस से जुड़े नवजवानों को मिलेगा।

फोटो प्रदर्शनी का आज शाम होगा शुभारंभ

युवक कांग्रेस द्वारा लगायी गई इस चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन शाम 7ः00 बजे किया जायेगा। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को इस हेतु आमंत्रित किया गया है, परन्तु उनके न आने की स्थिति में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव चंदन यादव अन्य नेताओं की उपस्थिति में इसका उद्घाटन करेंगे। आज 29 नवम्बर से ग्यारह दिनों तक चलने वाले इस प्रदर्शनी में रोज कई प्रमुख राष्ट्रीय नेता एवं प्रदेश मंत्रीमण्डल के सदस्य उपस्थित होकर अवलोकन करेंगे। बनाए गए प्रदर्शनी स्थल के ठीक सामने युवक कांग्रेस द्वारा झीरम घाटी में शहीद छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं को श्रद्धांजलि देने अलग से मंच बनाया गया है। वहीं दूसरी तरफ एक और मंच बनाया गया है जहाँ चित्रकला एवं रंगोली जैसे अन्य प्रतियोगिता प्रतिदिन आयोजित होंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी. श्रीनिवास भी प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे

छत्तीसगढ़ प्रदेश युवक कांग्रेस द्वारा लगाए गए इस प्रदर्शनी में युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास विशेष रूप से उपस्थित होंगे। उनके आने की तिथि अभी निश्चित नहीं हुई है परन्तु इस बीच छत्तीसगढ़ के प्रभारी पी.एल. पुनिया भी रायपुर पहुँच कर प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।आज महापौर एज़ाज़ ढेबर सहित अन्य नेता मौजूद रहेंगे।