मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी विधायक के काफिले पर देर रात हमला, विधायक सुरक्षित, फालो वाहन के शीशे पर लगा पत्थर।पुलिस जाँच में जुटी...

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी  विधायक के काफिले पर देर रात हमला, विधायक सुरक्षित, फालो वाहन के शीशे पर लगा पत्थर।पुलिस जाँच में जुटी...

अंबिकापुर।देर रात एक बड़ी खबर आई है। रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह के काफिले पर शनिवार रात 9:30 बजे अंबिकापुर के लरंगसाय चौक के पास हमला हुआ है। घटना में विधायक के फालो वाहन पर पत्थर लगा है। किसी को चोट नहीं आई है। विधायक भी पूरी तरह से सुरक्षित है। घटना के बाद विधायक सीधे कोतवाली थाना अंबिकापुर पहुंच गए। उन्होंने घटना की शिकायत दर्ज करा कर बड़ा हमला बोला है।उन्होंने इसे राजनैतिक विद्वेष करार देते हुए कहा,पिछले दिनों उन्होंने अंबिकापुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कामकाज को बेहतर बताया था। उन्होंने मुख्यमंत्री के समर्थन और पक्ष में अपनी बातें कही थी, यही वजह है कि आज उन पर अंबिकापुर शहर में हमला किया गया है।उनके इस इशारे को सियासी हमले के रूप में देखा जा रहा है।

विधायक बृहस्पति सिंह के काफिले पर पथराव, फालो वाहन के शीशे पर लगा पत्थर।किसी बड़ी अनहोनी के संकेत

बताया जा रहा है कि रामानुजगंज विधायक बृहस्पति सिंह शनिवार को अंबिकापुर से रामानुजगंज जा रहे थे। लरंग साय चौक के पास जैसे ही वे पहुंचे उनके काफिले पर अज्ञात लोगों द्वारा पथराव किया गया। पथराव करने वाले घटनास्थल से तत्काल भाग निकले। एक पत्थर विधायक के फालो वाहन के सामने के शीशे पर गिरा। विधायक ने इसके बाद बगैर भय के अपने वाहन को रोकने कहा। पथराव से विधायक के फालो वाहन के सामने के शीशे को नुकसान हुआ है। किसी को चोट नहीं आई है और विधायक सुरक्षित हैं।

शिकायत के बाद SP ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोषियों को गिरफ्तारी के निर्देश दिए

इस बात के घटना की सूचना जैसे ही मिली पुलिस अधीक्षक अमित कांबले भी तत्काल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस की अलग-अलग टीमों को हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विधायक ने सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी और पुलिस अधीक्षक अमित कांबले को संपूर्ण घटना की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्यमंत्री के करीबी विधायक के साथ घटी इस घटना के बाद काफी संख्या में विधायक समर्थक थाने पहुंच गए

विधायक पर हमले की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी कोतवाली थाने पहुंच गए थे। घटना को देखते हुए कोतवाली थाने की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। विधायक बृहस्पति सिंह ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली में भी दर्ज कराई है।