46 लाख आबादी वाले उत्कल समाज के बड़े चेहरे विधायक पुरंदर मिश्रा अब तक मंत्रिमंडल से दूर क्यों?
भाजपा को उत्कलमय बनाने वाले नेता को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने पर उठे सवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में सामाजिक समीकरण हमेशा सत्ता की दिशा तय करते रहे हैं। साहू, कुर्मी, यादव और आदिवासी समाज की राजनीतिक भागीदारी पर लगातार चर्चा होती रही है, लेकिन अब सबसे ज्यादा आबादी वाले उत्कल समाज की अनदेखी को लेकर सवाल तेज हो गए हैं। राजधानी रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक Purandar Mishra को अब तक मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
प्रदेश में उत्कल समाज की आबादी लगभग 46 लाख मानी जाती है और इसका प्रभाव सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में देखा जाता है। कभी कांग्रेस का परंपरागत समर्थक माना जाने वाला यह समाज अब बड़ी संख्या में भाजपा के साथ खड़ा दिखाई देता है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बदलाव के केंद्र में एक नाम सबसे प्रमुख है — पुरंदर मिश्रा।
पुरंदर मिश्रा वर्षों से उत्कल समाज को संगठित करने में जुटे रहे हैं। विधायक बनने से पहले भी वे गांव-गांव जाकर समाज के लोगों को जोड़ते रहे। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने पूरे प्रदेश में मजबूत नेटवर्क तैयार किया। भगवान जगन्नाथ के प्रति उनकी आस्था और रायपुर में विशाल जगन्नाथ मंदिर निर्माण ने समाज के बीच उनकी स्वीकार्यता को और मजबूत किया।
भाजपा के भीतर भी यह माना जाता है कि उत्कल समाज का बड़ा हिस्सा आज पार्टी के साथ खड़ा है। कई विधानसभा क्षेत्रों में यह समाज हार-जीत तय करने की स्थिति में पहुंच चुका है। राजधानी रायपुर से लेकर मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र तक उत्कल समाज निर्णायक भूमिका निभाता है।
उत्कल समाज की आर्थिक और सामाजिक भागीदारी भी प्रदेश में बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है। होटल व्यवसाय, श्रम क्षेत्र, सफाई व्यवस्था, घरेलू सेवाओं और छोटे व्यापारों में इस समाज की बड़ी भूमिका है। ऐसे में राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर समाज के भीतर भी सवाल उठने लगे हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि जब भाजपा सामाजिक संतुलन और जातीय समीकरणों को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल का गठन करती है, तब इतने बड़े समाज के प्रभावशाली चेहरे को बाहर रखना कई संदेश देता है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भविष्य में होने वाले किसी संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में भाजपा उत्कल समाज को प्रतिनिधित्व देती है या नहीं।



Beauro Cheif



